मां शीतला विद्या मंदिर कुकुसदा में धूमधाम से मनाया गया रंगोत्सव, गीत-संगीत और नृत्य से सराबोर रहा विद्यालय परिसर

कुकुसदा।

ग्राम कुकुसदा स्थित मां शीतला विद्या मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। रंगोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल, गीत-संगीत और बच्चों की खिलखिलाहट से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मिलकर “रंग बरसे भीगी चुनरियां” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्सवमय बना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गौकरण प्रसाद जायसवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और मन की बुराइयों को दूर करने का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी एकता बनाए रखने तथा जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

वहीं प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मीन साहू ने विद्यार्थियों को रंगोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों के साथ-साथ पढ़ाई भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगामी वार्षिक परीक्षाओं के लिए पूरी लगन और मेहनत से तैयारी करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में ऋतु जायसवाल, मधु मरकाम, निशा बर्मन, स्वाति राजपूत, गोवर्धन पोर्ते, रितिका ध्रुव, सविता निर्मलकर, पूजा गेंदले, मधु जायसवाल, कल्याण सिंह निषाद, शिव कुमारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रंगों और उमंग से भरे इस आयोजन ने विद्यालय परिवार में एकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत किया।

अन्य खबरें