मुंगेली में भाजपा महिला मोर्चा ने उत्साहपूर्वक मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली मिलन समारोह
मुंगेली, लोरमी । मंगलवार 10 मार्च को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला मुंगेली के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में महिलाओं ने बड़े उत्साह, उमंग और भाईचारे के साथ इस अवसर को मनाया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी, मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती मीना अरुण साव सहित प्रदेश महिला मोर्चा की किरण सिंह, प्रतिज्ञा गुप्ता, रंजना दीदी, शीलू साहू और सत्यवती दीदी की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। शिक्षा, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। महिला मोर्चा द्वारा लगातार महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। सांस्कृतिक माहौल में गीत-संगीत और हंसी-खुशी के बीच कार्यक्रम बेहद यादगार बन गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने महिला एकता, सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
