वीर सैनिक हवलदार सुखराम साहू की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पूर्व सैनिक संगठन ने परिवार का किया सम्मान

मुंगेली। ग्राम रामगढ़ स्थित जिला अस्पताल के समीप स्थापित वीर सैनिक सुखराम साहू की प्रतिमा स्थल पर उनकी तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली की अगुवाई में सैनिक परिवार एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में शौर्यपूर्ण वातावरण और सम्मान के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों, पूर्व सैनिकों और परिजनों द्वारा वीर सैनिक की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इस अवसर पर सभी ने वीर सपूत को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के अध्यक्ष त्रिभुवन यादव ने किया। उन्होंने सबसे पहले वीर सैनिक की माता, पत्नी और परिवारजनों को नमन करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल आशीष पांडे उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कर्नल आशीष पांडे ने अपने उद्बोधन में वीर सैनिक के परिवार को हर परिस्थिति में सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों का योगदान अतुलनीय है और समाज को उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए। वहीं कल्याण संयोजक वाई.एस. बावने ने भी परिवार के प्रति हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


इस दौरान भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संतोष साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिकों का जीवन राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने उपस्थित बच्चों और युवाओं को भविष्य में सेना में भर्ती होकर भारत माता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष त्रिभुवन यादव ने वीर सैनिक सुखराम साहू का संक्षिप्त जीवन परिचय देते हुए बताया कि वे अत्यंत ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित व्यक्तित्व के धनी थे। उनका पूरा जीवन सत्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सैनिक की माता, पत्नी, बच्चों और छोटे भाई को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्राम रामगढ़ स्कूल के प्रधान पाठक ने भी इस अवसर पर कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति और अनुशासन की भावना विकसित होती है।


ग्राम सरपंच प्रतिनिधि प्रहलाद यादव ने पूर्व सैनिक संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में संगठन के उपाध्यक्ष रामनिवास राठौर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संदीप साहू, अशोक राठौर, ललित साहू, कमल प्रसाद, मंगेशकर, आलोक शर्मा सहित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत के बड़े भाई नेमसिंह, सैनिक पुत्र नवीन पांडे, ग्राम के जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में कहा कि यह सम्मान केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि उस त्याग और बलिदान का है जिसने राष्ट्र का मान बढ़ाया है। वीर सैनिक सुखराम साहू का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

अन्य खबरें