चकरभाठा में कचरा डंपिंग बना गौवंश के लिए काल: 3 गायों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश 14 मार्च को होली मिलन समारोह की शोभायात्रा की घोषणा
चकरभाठा में कचरा डंपिंग बना गौवंश के लिए काल: 3 गायों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
14 मार्च को होली मिलन समारोह की शोभायात्रा की घोषण

चकरभाठा। नगर पालिका क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था अब बेजुबान गौवंश के लिए जानलेवा साबित हो रही है। नगर के कचरे को खुले मैदान में अनियंत्रित रूप से डंप किए जाने के कारण अब तक तीन गायों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। इस घटना से स्थानीय नागरिकों, गौ-सेवकों और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
जनकल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस बोदरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कल स्थानीय विधायक से हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।
गंदगी का अंबार, प्लास्टिक बना मौत का कारण
नगर पालिका द्वारा पूरे शहर का कचरा बिना किसी सुरक्षा घेरा और वैज्ञानिक पद्धति के खुले स्थान पर फेंका जा रहा है। कचरे में प्रतिबंधित प्लास्टिक, झिल्ली-पन्नियां और अन्य घातक अपशिष्ट बड़ी मात्रा में मौजूद हैं। चारे की तलाश में भटकता गौवंश इन्हें निगल रहा है, जिससे उनके पेट में प्लास्टिक जमा होकर संक्रमण फैल रहा है और अंततः उनकी मौत हो रही है।
संक्रमण और बीमारियों का बढ़ा खतरा
सड़ते कचरे और मृत पशुओं के कारण पूरे क्षेत्र में असहनीय दुर्गंध फैल रही है। मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से आसपास के रहवासियों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है और संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ गई है।
प्रशासन से की गई प्रमुख मांगें
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल निम्नलिखित कदम उठाने की मांग की है—
कचरे का वैज्ञानिक तरीके से ट्रेंचिंग ग्राउंड या निर्धारित डंपिंग यार्ड में निस्तारण
डंपिंग स्थल के चारों ओर फेंसिंग या दीवार निर्माण
प्लास्टिक पृथक्करण की उचित व्यवस्था
मृत गायों के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई
उग्र आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।

होली मिलन समारोह की घोषणा
इसी बीच शत चंडी यज्ञ के उपलक्ष्य में जनकल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस बोदरी द्वारा शोभायात्रा के माध्यम से 14 मार्च को होली मिलन समारोह आयोजित करने की घोषणा भी की गई है।

