“अर्पण अभियान”: आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास — बिलासपुर पुलिस की सराहनीय पहल
“अर्पण अभियान”: आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास — बिलासपुर पुलिस की सराहनीय पहल

बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित “अर्पण: आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास” अभियान आम नागरिकों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आया है। इस सराहनीय पहल के तहत पुलिस ने इस माह गुम हुए लगभग 100 कीमती मोबाइल फोन (करीब 2 लाख रुपये मूल्य) बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे, जिससे लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। इसके अंतर्गत प्रभारी ए.सी.सी.यू. बिलासपुर एवं सभी थाना प्रभारियों को तकनीकी सहायता के माध्यम से खोजबीन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर बिलासपुर शहर सहित आसपास के जिलों से मात्र एक माह के भीतर 100 मोबाइल फोन बरामद किए। कई मोबाइल राज्य के दूरस्थ जिलों एवं अन्य प्रदेशों में सक्रिय पाए गए, जिनकी बरामदगी के लिए पृथक अभियान भी चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में मोबाइल स्वामियों को शीघ्र ही उनके उपकरण लौटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर पुलिस द्वारा प्रतिमाह औसतन 100 गुम मोबाइल खोजकर उनके असली मालिकों को लौटाए जा रहे हैं, जो पुलिस की कार्यकुशलता एवं जनसेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अभियान की सफलता में ए.सी.सी.यू. एवं जिले के समस्त थानों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल की सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने जमकर सराहना की है।
“अर्पण अभियान” न केवल नागरिकों के खोए हुए सामान को लौटाने का माध्यम बना है, बल्कि आमजन के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को भी सुदृढ़ कर रहा है।
