वायरल वीडियो पर सख्त कार्रवाई: दो गुटों की मारपीट में शामिल 6 आरोपी हिरासत में, 4 नाबालिग
वायरल वीडियो पर सख्त कार्रवाई: दो गुटों की मारपीट में शामिल 6 आरोपी हिरासत में, 4 नाबालिग
रायगढ़, 9 फरवरी 2026।
लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ा।
पुरानी रंजिश में हुई मारपीट
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी को दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह अपने मित्रों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी लक्ष्मीपुर ओला शोरूम के सामने पहले से खड़े अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल एवं उनके साथियों ने पुरानी स्कूल विवाद की रंजिश को लेकर उसका रास्ता रोक लिया और लाठी-डंडा, हाथ-मुक्का व अन्य हथियारों से मारपीट की।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
बलवा की धाराएं जोड़े जाने की तैयारी
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। जांच के दौरान प्रकरण में बलवा से संबंधित धाराएं भी जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है।
चार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय एवं दो आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों और स्कूल प्रशासन को दी सख्त हिदायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों एवं नाबालिगों के परिजनों को तलब कर बच्चों की गतिविधियों, संगति एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को भी विद्यार्थियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी का कड़ा संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि—
“रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी, सार्वजनिक मारपीट और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई होगी। जिले में शांति और अनुशासन बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
