ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 3 मामलों में 132.5 किलो गांजा जब्त, 11 तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 3 मामलों में 132.5 किलो गांजा जब्त, 11 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद, 09 फरवरी 2026।
ऑपरेशन निश्चय के अंतर्गत महासमुंद एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर तीन ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना सिंघोड़ा, कोमाखान एवं बागबाहरा क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई कर कुल 132.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 66 लाख 25 हजार रुपये है।
इन मामलों में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त 6 कारें, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये है, जब्त की गई हैं।
6 घंटे में पूरे नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने रायपुर, राजनांदगांव एवं भंडारा जिलों की पुलिस के सहयोग से मात्र 6 घंटे में तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए थोक विक्रेता, परिवहनकर्ता एवं खरीदार तक पहुंच बनाई। इस कार्रवाई में साइबर थाना के डाटा एनालिटिक्स एवं इंटेलिजेंस डेस्क की विशेष भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के 5, महाराष्ट्र के 4 एवं ओडिशा के 2 आरोपी शामिल हैं।
थाना सिंघोड़ा: दो कारों से 52.5 किलो गांजा जब्त
थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 पर नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 52.5 किलोग्राम गांजा, दो वाहन, मोबाइल फोन एवं नकद राशि जब्त की। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाना कोमाखान: बोलेरो से 40 किलो गांजा बरामद
कोमाखान पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में बोलेरो वाहन से 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस प्रकरण में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा कई लिंक वाहनों को भी जब्त किया गया है।
थाना बागबाहरा: वेरना कार से गांजा जब्त
बागबाहरा थाना क्षेत्र में हुंडई वेरना कार से 40 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वर्ष 2026 में अब तक बड़ी उपलब्धि
महासमुंद पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक—
34 प्रकरणों में
2285 किलोग्राम गांजा
कीमत लगभग 11 करोड़ 42 लाख रुपये
35 वाहन (कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये)
93 आरोपी गिरफ्तार
किए जा चुके हैं, जिनमें से 69 आरोपी अन्य राज्यों से संबंधित हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन एवं संपत्तियों की जांच कर आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
