होटल संचालिका से ट्रेलर हड़पकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
होटल संचालिका से ट्रेलर हड़पकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 09 फरवरी 2026।
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत एवं धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने होटल संचालिका से किराये के नाम पर ट्रेलर वाहन लेकर उसका डाला बेच दिया और इंजन बेचने की तैयारी में थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
जीपीएस से खुला राज, केवल इंजन मिला
प्रार्थिया श्रीमती मीना चौहान (48 वर्ष), निवासी ग्राम कंचनपुर ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 को खरीदा था। दस्तावेज अधूरे होने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।
इसी दौरान आरोपी परमेश्वर चौहान ने वाहन किराये पर लेने और दस्तावेज बनवाने का झांसा देकर ट्रेलर ले लिया। कुछ दिनों बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। संदेह होने पर जीपीएस लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे वाहन कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में मिला, जहां केवल इंजन मौजूद था।
डाला बेचने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी लीलाम्बर चौहान ने स्वीकार किया कि उसने परमेश्वर के साथ मिलकर ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को भी बेचने की तैयारी कर रहे थे।
इंजन जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर का इंजन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर—
परमेश्वर चौहान (45 वर्ष), निवासी ग्राम बैस्कीमुड़ा
लीलाम्बर प्रसाद चौहान (36 वर्ष), निवासी ग्राम खेडआमा
दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल एवं उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विश्वास में लेकर संपत्ति हड़पने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
