रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” जारी, 32 गौवंश तस्करों के चंगुल से कराए मुक्त
रायगढ़, 11 फरवरी 2026।
गौवंश संरक्षण एवं मवेशी तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है तथा एक कुख्यात मवेशी तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी के अनुसार, जिले में मवेशी तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर मवेशी तस्कर रब्बुल खान को गिरफ्तार किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करवारजोर निवासी रब्बुल खान मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते और भूखा-प्यासा दौड़ाते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी रब्बुल खान पिता काशिम खान, उम्र 39 वर्ष, निवासी करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ के कब्जे से 32 नग गौवंश बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की।
मुक्त कराए गए सभी मवेशियों का पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण कराया गया तथा उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया। आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 4, 6, 10 एवं 11 छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस द्वारा तीन मवेशी तस्करों से 8 मवेशियों को मुक्त कराया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक राजू तिग्गा एवं आरक्षक किशोर कुल्लू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन, तस्करी और क्रूरता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि गौवंश तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
