मुंगेली के बीआर साव स्कूल मैदान में गूंजेंगे भक्ति गीत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव के आतिथ्य में होगा भव्य रावण दहन

मुंगेली के वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम (बीआर साव स्कूल मैदान) में इस बार विजयादशमी का पर्व पूरी भव्यता, भक्ति भाव और आधुनिक आतिशबाजी के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव होंगे, जिनके कर-कमलों और रिमोट के जरिए अधर्म के प्रतीक रावण का संहार किया जाएगा।

​दशहरा उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस विशाल आयोजन की शुरुआत दोपहर तीन बजे से भक्तिमय माहौल के बीच होगी। मंच पर प्रसिद्ध भजन गायक प्रिंस दादवानी अपनी सुमधुर आवाज में प्रभु श्रीराम और माता दुर्गा के भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे से अंकुश पटेल द्वारा आधुनिक पायरो आतिशबाजी का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें श्रीराम रथ, गोरिल्ला और फॉक्स कॉस्ट्यूम, सर्फी लाइट, पार्क लाइट के साथ-साथ मंच पर जंबो स्पार्कल मशीन, फायर मशीन और लिक्विड जेट मुख्य आकर्षण होंगे। रावण दहन स्थल पर भी कोल्ड पायरो और कलर स्मोक के बीच भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी का भव्य स्वागत किया जाएगा।

​संध्या ठीक छह बजे श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद झांकी द्वारा रावण के पुतले पर प्रतीकात्मक तीर चलाकर अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया जाएगा और उपमुख्यमंत्री अरुण साव रिमोट का बटन दबाकर 65 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद तथा कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन करेंगे। रावण वध के तुरंत बाद शाम साढ़े छह बजे से आसमान में गगनचुंबी और मनमोहक आतिशबाजी का एक और दौर शुरू होगा जो दर्शकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा। दशहरा उत्सव समिति ने मुंगेली शहर सहित आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने की अपील की है।

अन्य खबरें