सोशल मीडिया पर गन के साथ रील पोस्ट करने वाले युवक पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर गन के साथ रील पोस्ट करने वाले युवक पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 11 फरवरी 2026।
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर माहौल बिगाड़ने के प्रयास पर रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया एवं धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को तलब कर पूछताछ की गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील बनाकर पोस्ट किया गया था। वीडियो में हथियार का प्रदर्शन किए जाने से आम नागरिकों में भय और दहशत का माहौल बनने की आशंका थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी धारक की पहचान वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया निवासी दीदार अली (33 वर्ष) के रूप में हुई। पुष्टि हुई कि युवक वर्तमान में धरमजयगढ़ के बेहरापारा क्षेत्र में अपने जीजा के घर रह रहा था तथा वीडियो सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था। इसके बाद टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में खरसिया-धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा युवक को बुलाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वीडियो में प्रयुक्त हथियार छर्रावाली ईयरगन थी, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर उसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर अपलोड करना कानून व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित पाया गया।
सार्वजनिक स्थल पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा युवक के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी गई।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। साथ ही बताया कि रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार निगरानी कर रही है।
