रायगढ़: तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर मिली जली लाश का सनसनीखेज खुलासा; प्रेमी गिरफ्तार, शक के चलते की थी हत्या

रायगढ़, 21 जून 2026।

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तमनार मार्ग पर मिली एक अधेड़ महिला की जली हुई लाश के ‘ब्लाइंड मर्डर’ (अंधे कत्ल) की गुत्थी को पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। रायगढ़ पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की मदद से न केवल मृतिका की पहचान की, बल्कि आरोपी प्रेमी को जशपुर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने इस पूरी गुत्थी को सुलझाने में कामयाबी हासिल की।

​पगडंडी मार्ग पर मिली थी अधजली लाश

​विदित हो कि बीते 17 जून 2026 को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास, तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर झाड़ियों में एक अधेड़ महिला का शव अधजली अवस्था में मिला था। घटनास्थल पर शव को घसीटने के निशान भी थे। पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 145/2026, धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​सोशल मीडिया और सक्रिय सूचना तंत्र से हुई पहचान

​मामले में सबसे बड़ी चुनौती मृतिका की शिनाख्त करना था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने मृतिका के कपड़ों, फोटो और वीडियो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में प्रसारित किया।

​इसी दौरान पुलिस को लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रहने वाली महिला के लापता होने की जानकारी मिली। सोशल मीडिया पर फोटो देखकर जशपुर जिले के ग्राम बोरो से दो युवक थाने पहुंचे, जिन्होंने कपड़ों और शव के आधार पर मृतिका की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की।

​प्रेम संबंध और शक बना हत्या की वजह

​पुलिस ने संदेही इमिलीयूस तिग्गा की घेराबंदी कर उसे जशपुर के फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​विवाद से लेकर मर्डर तक की पूरी कहानी:

आरोपी इमिलीयूस तिग्गा (45 वर्ष) और मृतिका मंगरिता एक्का पिछले कुछ महीनों से पूंजीपथरा की लक्ष्मी कॉलोनी में पति-पत्नी की तरह किराए के मकान में रह रहे थे। मृतिका अक्सर आरोपी पर दूसरी पत्नी रखने का शक करती थी, जिसे लेकर दोनों में विवाद होता था।

​17 जून को दोनों गांव जाने की बात कहकर घर से निकले। रास्ते में एक महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीने के दौरान फिर से विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर इमिलीयूस ने मंगरिता की साड़ी से ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छुपाने की नीयत से उसने पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा और शाम को शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

​आरोपी के पास से माचिस और पेट्रोल की बोतल जब्त

​पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना के समय पहने कपड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद कर ली है। आरोपी इमिलीयूस तिग्गा (निवासी फरसाबहार, जशपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​एसएसपी का संदेश: गंभीर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा

​मामले की त्वरित सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा:

​”अंधे कत्ल जैसे गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग कर रायगढ़ पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने और गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

​इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, पीएसआई मनीष पोया और पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

अन्य खबरें