मुंगेली में खौफनाक वारदात: उप स्वास्थ्य केंद्र के सरकारी क्वार्टर में CHO की संदिग्ध मौत, फंदे पर लटकी मिली लाश

धरमपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र के शासकीय क्वार्टर में मिला CHO का शव, फंदे पर लटकी मिली लाश से सनसनी

​मुंगेली/जरहागांव:

 

मुंगेली जिले के जरहागांव थाना अंतर्गत ग्राम धरमपुरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के शासकीय क्वार्टर में एक महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय कमलेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जो धरमपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र में CHO के पद पर सेवाएं दे रही थीं।

​नौकरानी के पहुंचने पर हुआ खुलासा

​घटना का खुलासा तब हुआ जब रोजाना की तरह काम पर आने वाली नौकरानी क्वार्टर पहुँची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उसने झांककर देखा, तो होश उड़ गए। मृतका का शव फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई।

​मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

​सूचना मिलते ही जरहागांव थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

​प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता अर्जुन साहू (उम्र 55 वर्ष, निवासी रामायण चौक, खर्रीपारा, मुंगेली) हैं। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों व सहकर्मियों के बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अन्य खबरें