पालचुआ में धान खरीदी उपकेंद्र खोलने की मांग तेज, खैरवार बैरागी व नोनियाकक्षार के किसानों को मिलेगी राहत
मुंगेली।
जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत पालचुआ में धान खरीदी उपकेंद्र खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में ग्राम पंचायत पालचुआ के सरपंच विनय बंजारा द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल को पत्र लिखकर क्षेत्र के किसानों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में ग्राम पंचायत पालचुआ सहित आसपास के किसान लालकापा धान खरीदी केंद्र पर निर्भर हैं, जहां निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक — लगभग 72 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो रही है। अत्यधिक आवक के कारण वहां भारी भीड़ की स्थिति बनी रहती है, जिससे किसानों को टोकन कटवाने के लिए दिन-रात लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है।


सरपंच द्वारा बताया गया कि भीड़ के कारण कई बार टोकन कट नहीं पाता, जिससे किसानों को महीनों तक इंतजार करना पड़ता है। धान बिक्री में देरी से किसान कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं, वहीं खाद-बीज प्राप्त करने के लिए भी उन्हें कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि बोरी पलटने के नाम पर प्रति बोरी 8 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है, वहीं कुछ किसानों से टोकन काटने के लिए पैसे मांगे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ग्राम पंचायत पालचुआ में धान खरीदी उपकेंद्र खोलने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। यदि यहां उपकेंद्र खोला जाता है तो इससे आसपास की तीन ग्राम पंचायतों — खैरवार बैरागी, पालचुआ एवं नोनियाकक्षार के किसानों को धान बिक्री, टोकन तथा खाद-बीज प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।


आज दिनांक 15 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं खाद्य मंत्री श्रीमान दयाल दास बघेल जी को ग्राम पंचायत पालचुआ में धान खरीदी उपकेंद्र खोलने हेतु औपचारिक आवेदन उनके शासकीय आवास रायपुर में सौंपा गया। इस दौरान श्री कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल जी ने किसानों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए अगस्त माह तक ग्राम पंचायत में धान खरीदी उपकेंद्र खोलने का आश्वासन दिया।

अन्य खबरें