युवा किसान दक्ष वैद्य बने ‘कृषि क्रांति’ के प्रतीक, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया सम्मानित
नई तकनीकों को अपनाकर उन्नत खेती को बढ़ावा देने पर मिला सम्मान, किसानों को दी आधुनिक कृषि अपनाने की प्रेरणा
रायपुर।
प्रदेश के युवा किसान एवं भाजपा किसान मोर्चा सोशल मीडिया प्रदेश सहप्रभारी तथा हिन्द सेना युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष दक्ष वैद्य साहू कृषि क्षेत्र में नवाचार और उन्नत तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए आज एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। उन्हें राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान रायपुर के प्रतिष्ठित होटल बेबीलॉन में आयोजित ‘फार्म टू फार्मर’ कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दक्ष वैद्य साहू को मोमेंटो भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री वैद्य द्वारा किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाना सराहनीय पहल है। मंत्री ने कहा कि ऐसे युवा किसान ही छत्तीसगढ़ में कृषि क्रांति के वास्तविक वाहक हैं।
इस अवसर पर दक्ष वैद्य साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए पारंपरिक खेती की सीमाओं पर प्रकाश डाला और आधुनिक, वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि एक ही फसल की लगातार खेती से मिट्टी की उर्वराशक्ति घटती है और आय भी प्रभावित होती है। ऐसे में फसल चक्रण (क्रॉप रोटेशन) अपनाना अत्यंत जरूरी है, जो मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के साथ आय में वृद्धि करता है।
उन्होंने दलहन एवं तिलहन फसलों को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि अरहर, मूंग, मसूर, उड़द जैसी दलहन तथा मूंगफली, सोयाबीन, तिल, रमतिल और अलसी जैसी तिलहन फसलें कम लागत में अधिक लाभ देती हैं और बाजार में इनकी मांग भी स्थिर बनी रहती है।
दक्ष वैद्य साहू ने गन्ना खेती को भी किसानों के लिए लाभदायक विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्थापित सहकारी शक्कर कारखाने, जैसे बालोद का मां दंतेश्वरी शक्कर कारखाना और कवर्धा का भोरमदेव शक्कर कारखाना, गन्ना उत्पादकों के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। यहां किसानों को न केवल अपनी उपज का अच्छा मूल्य मिलता है, बल्कि सदस्यता के माध्यम से लाभांश का भी लाभ प्राप्त होता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
यह सम्मान न केवल दक्ष वैद्य साहू के व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि प्रदेश के युवा किसानों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी है कि आधुनिक तकनीक और सही मार्गदर्शन से कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है।
