कृषि नवाचार की मिसाल बनीं रत्नावली कौशल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया सम्मानित
रायपुर।
कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए जानी जाने वाली किसान नेत्री रत्नावली कौशल को राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विशेष रूप से सम्मानित किया। यह सम्मान रायपुर के प्रतिष्ठित होटल बेबीलॉन में आयोजित ‘फार्म टू फार्मर’ कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया, जहां उन्हें मोमेंटो भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री नेताम ने रत्नावली कौशल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश के किसानों को आधुनिक खेती की दिशा में प्रेरित करने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से किसानों के बीच उन्नत कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार और जागरूकता के लिए उनके निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
अपने संबोधन में रत्नावली कौशल ने पारंपरिक खेती की सीमाओं को रेखांकित करते हुए किसानों से आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने फसल चक्रण, दलहन एवं तिलहन की खेती के साथ-साथ गन्ने की खेती को लाभकारी बताते हुए कहा कि राज्य में शक्कर कारखानों की स्थापना से गन्ने की मांग लगातार बढ़ रही है।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसान बंधुओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी आय को दोगुना-तिगुना करने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
यह सम्मान न केवल रत्नावली कौशल के प्रयासों की पहचान है, बल्कि प्रदेश के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है, जो आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को लाभकारी बना सकते हैं।
