25 लाख किसानों को समृद्धि का तोहफा : दक्ष वैद्य साहू कृषि उन्नति योजना लाएगी खुशहाली, ब्याज मुक्त ऋण से मिलेगा संबल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वर्ष 2026 के बजट को किसानों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा किसान मोर्चा सोशल मीडिया प्रदेश सहप्रभारी एवं हिन्द सेना युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि यह बजट राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों के जीवन में समृद्धि का नया दौर लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तुत प्रावधान पूरी तरह किसान हितैषी हैं और इससे कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
दक्ष वैद्य साहू ने बताया कि कृषि उन्नति योजना के तहत ₹10,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन को मजबूत करने और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कृषि पंपों हेतु ₹5,500 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे बस्तर, दुर्ग और रायपुर जैसे सूखा प्रभावित क्षेत्रों में फसल उत्पादन बढ़ेगा तथा लाखों एकड़ भूमि को विश्वसनीय जल आपूर्ति मिल सकेगी।
ब्याज मुक्त ऋण योजना के लिए ₹300 करोड़ के प्रावधान को किसानों के लिए बड़ी राहत बताते हुए साहू ने कहा कि इससे किसानों को बिना ब्याज के आसान ऋण उपलब्ध होगा और वे धान, गेहूं, दलहन सहित अन्य फसलों की खेती में निवेश कर सकेंगे, जिससे कर्ज का बोझ कम होगा।
मार्कफेड को ₹6,000 करोड़ की राशि दिए जाने पर उन्होंने कहा कि इससे किसानों की उपज के भंडारण, धान खरीदी (437 लाख मीट्रिक टन) तथा विपणन व्यवस्था मजबूत होगी और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित होगी।

दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को कृषि प्रधान राज्य के रूप में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने वाला साबित होगा। उन्होंने युवा किसानों, महिला किसानों और भूमिहीन कृषि मजदूरों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संगठन सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्य करेगा तथा किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
