SC–ST–OBC समाज की ऐतिहासिक पदयात्रा का आह्वान, 11 फरवरी को मुंगेली में होगा शक्ति प्रदर्शन

SC–ST–OBC समाज की ऐतिहासिक पदयात्रा का आह्वान, 11 फरवरी को मुंगेली में होगा शक्ति प्रदर्शन
मुंगेली।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (SC–ST–OBC) समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 7 फरवरी 2026 को विश्राम गृह, मुंगेली में आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में गहन विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 11 फरवरी 2026 (बुधवार) को दोपहर 12 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण, मुंगेली से एक विशाल एवं शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा कलेक्टर भवन तक पहुंचेगी, जहां माननीय कलेक्टर महोदय को यूजीसी बिल 2026 के समर्थन एवं पुनः लागू किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह पदयात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हक, अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए एक संगठित संघर्ष का प्रतीक है। इसके माध्यम से शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया जाएगा।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जब समाज संगठित होता है, तभी परिवर्तन संभव होता है। सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।
आयोजकों ने समाज के सभी भाइयों-बहनों से अनुरोध किया है कि वे अपने परिवारजनों, साथियों एवं ग्राम-समुदाय के लोगों को साथ लेकर शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं संगठित तरीके से पदयात्रा में भाग लें तथा इस संदेश को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचाएं।
समाज के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे SC–ST–OBC समाज की सामूहिक आवाज है, जो अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने “जय भारत, जय संविधान, जय सामाजिक न्याय और जय SC–ST–OBC एकता” के नारों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

अन्य खबरें