बोदरी ब्लॉक में सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक, पूर्व सैनिकों का सम्मान, वेदांत गुरुकुल कोचिंग की घोषणा और 11 सूत्री कार्यक्रम पर हुआ विस्तार से मंथन
बोदरी ब्लॉक में सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक, पूर्व सैनिकों का सम्मान, वेदांत गुरुकुल कोचिंग की घोषणा और 11 सूत्री कार्यक्रम पर हुआ विस्तार से मंथन

बिलासपुर/बोदरी —
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बोदरी ब्लॉक अंतर्गत विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस सहित कई सामाजिक संगठनों ने भाग लिया, जहां समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक भाइयों एवं समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों व कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों का भव्य स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक धरमलाल कौशिक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया।
बैठक में 4 फरवरी से 14 फरवरी तक बेलमुंडी ग्राम में आयोजित होने वाले नवधा अखंड रामायण पाठ कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
सामाजिक संस्थाओं द्वारा बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत एवं ‘मोबाइल फोबिया’ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए वेदांत गुरुकुल कोचिंग सेंटर खोलने की घोषणा की गई। इस कोचिंग सेंटर के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, योग, ध्यान और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
नगर पंचायत बोदरी अंतर्गत युवा प्रकोष्ठ के जनसंपर्क कार्यालय के तत्वाधान में आयोजित बौद्धिक गोष्ठी में चुनाव आचार संहिता, सामाजिक जिम्मेदारी और संस्था के 11 सूत्री कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण, गुरुकुल, गौशाला और संस्कार निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
कार्यक्रम में विश्व मानव परमार्थ ट्रस्ट, विश्व हिंदू सेवा दल, संपूर्ण भारतीय चैरिटेबल ट्रस्ट, विश्व हिंदू महासभा एवं लीगल एंड सोशल ग्रुप के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। सभी संगठनों ने मिलकर पूर्व सैनिकों का सम्मान किया और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संस्कृति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित श्रवण दुबे ने अपने संबोधन में ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का संदेश देते हुए समाज में भाईचारे, सेवा और संस्कार की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत संतों, तपस्वियों और गुरुओं की भूमि है, जहां से विश्व को मार्गदर्शन मिलता है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री 1008 हिमानंद सरस्वती जी महाराज, महर्षि मुरलीधर व्यास, वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश राजपूत, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र सागर, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ कार्यकारिणी के विस्तार की भी घोषणा की गई।
संस्थाओं द्वारा संचालित 11 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, प्रशिक्षण, गुरुकुल व्यवस्था, गौशाला एवं वेदांत गुरुकुल कोचिंग सेंटर को ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित करने की योजना बनाई गई है। इसके माध्यम से बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखकर गीता, रामायण, महाभारत और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वेदांत गुरुकुल कोचिंग सेंटर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9109996299 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को नई दिशा देने और युवाओं को सकारात्मक मार्ग पर आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।
