बेलमुंडी धाम में सरपंच पति पर 420 व भ्रष्टाचार के आरोप, मंदिर तोड़ने व पत्रकारों को धमकी से मचा हड़कंप

बेलमुंडी धाम में सरपंच पति पर 420 व भ्रष्टाचार के आरोप, मंदिर तोड़ने व पत्रकारों को धमकी से मचा हड़कंप

बिलासपुर | 16 जनवरी 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलमुंडी धाम से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम बेलमुंडी के सरपंच पति विश्राम कौशिक पर 420, भ्रष्टाचार, षड्यंत्र एवं धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने की धमकी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर विश्व महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह सहित कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने बोदरी-चकरभाठा में आपातकालीन बैठक कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मंदिर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप

संगठनों का आरोप है कि बेलमुंडी धाम स्थित श्री पंचमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर को तोड़ने-फोड़ने की धमकी दी गई है। साथ ही आश्रम से जुड़े स्वयं सहायता समूहों और घटना को उजागर करने वाले पत्रकारों को भी जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इस संबंध में वीडियो क्लिप को सबूत के रूप में सामने लाने का दावा किया गया है।

बताया गया कि मानव परमार्थ सेवा से जुड़े स्वयं सहायता समूह, पुजारी के पुत्र अंकित तिवारी उर्फ बंटी महाराज और खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकारों को खुलेआम धमकियां दी गईं, जिसकी सामाजिक संगठनों ने तीखी निंदा की।

आपातकालीन बैठक, 11 सूत्री कार्यक्रम पर चर्चा

घटना के बाद बोदरी स्थित जनकल्याण केंद्र कार्यालय में आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों सहित संयुक्त सामाजिक संस्थाएं शामिल हुईं। बैठक में अपराध मुक्त भारत मिशन के संकल्प के साथ संवैधानिक तरीके से आंदोलन व ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा, स्किल डेवलपमेंट, गुरुकुल, गौशाला एवं वेदांत गुरुकुल कोचिंग सेंटर जैसे 11 सूत्री सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और इनके व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्णय लिया गया।

वरिष्ठ पत्रकार व संतों की मौजूदगी

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अमर स्तंभ आरजे रमझाझर, पुखराज सिंह (मुंगेली) सहित अनेक पत्रकार, सामाजिक पदाधिकारी एवं साधु-संत उपस्थित रहे। संत समागम गोष्ठी में श्री चाणक्य चैतन्यपुरी उर्फ सर्किट पुरी बाबा का नंदन-वंदन अभिनंदन किया गया तथा अखिल भारतीय हिंदू राष्ट्र निर्माण सेना द्वारा प्रशस्ति पत्र भी जारी किया गया।

प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन, जांच के आदेश

मामले को लेकर बिलासपुर कलेक्टर और एसपी को पहले ही शिकायत दी जा चुकी है। बताया गया कि कलेक्टर एवं एसपी द्वारा प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चकरभाठा थाना में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

थाना प्रभारी उमेश साहू ने संगठनों को आश्वस्त किया है कि मामले में आईओ नियुक्त कर निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

अवैध कछुआ-मछली शिकार का भी आरोप

संगठनों ने आरोप लगाया है कि सरपंच पति द्वारा आश्रम के समीप स्थित सार्वजनिक तालाब में षड्यंत्रपूर्वक कछुआ एवं मछली का अवैध शिकार किया गया, जो कानूनन अपराध है। इस बिंदु पर भी जांच की मांग की गई है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

सामाजिक संगठनों और स्वयं सहायता समूहों ने स्पष्ट कहा है कि धार्मिक स्थल को तोड़ने की धमकी, पत्रकारों को डराने और सामाजिक कार्यकर्ताओं को नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों में शासन-प्रशासन को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अन्य खबरें