दुर्ग एसएसपी ने ली अपराध व शिकायतों की समीक्षा बैठक, एक्टीव पुलिसिंग के दिए सख्त निर्देश

दुर्ग | 16 जनवरी 2026

जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध व शिकायतों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नए वर्ष में नई ऊर्जा और नए विश्वास के साथ एक्टीव पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने अपराधों में दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए विवेचना एवं न्यायालयीन ट्रायल पर विशेष फोकस करने, महिला सुरक्षा के लिए महिला कमांडो के गठन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग लागू करने के निर्देश दिए।

अपराध विवेचना व ट्रायल पर जोर

बैठक में एनडीपीएस मामलों में धारा 42, 50, 50(ए), 55(बी) के अनिवार्य पालन और संगठित अपराध की स्थिति में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हत्या व हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में मरणासन्न कथन की वीडियोग्राफी, आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी तथा आपराधिक इतिहास की जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

धोखाधड़ी एवं गंभीर प्रकरणों में चालान प्रस्तुत करने से पूर्व लोक अभियोजन कार्यालय से स्क्रूटनी अनिवार्य करने तथा पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

ई-पुलिसिंग और तकनीकी सशक्तिकरण

एसएसपी ने ई-पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए ई-साक्ष्य, ई-चालान, ई-प्रोसिक्यूशन और ई-समंस व्यवस्था के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। प्रत्येक थाने में डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षित व्यवस्था, चालानों में आरोपी व साक्षियों के व्हाट्सएप नंबर एवं ई-मेल दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

एक्टीव पुलिसिंग और कानून व्यवस्था

बैठक में नशा, अवैध शराब, चाकूबाजी, साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। छोटे अपराध करने वाले अपराधियों पर वैधानिक व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक फिक्स प्वाइंट लगाने तथा थाना प्रभारियों को नियमित रात्रि भ्रमण के निर्देश भी दिए गए।

महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कमांडो का गठन कर नियमित गश्त और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए।

शिकायत निराकरण व सड़क सुरक्षा

जनता विरुद्ध जनता एवं जनता विरुद्ध पुलिस से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक, मालवाहक वाहनों में रेडियम पट्टी अनिवार्य करने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर न्यायालयीन कार्रवाई के आदेश दिए गए।

बैठक में रहे उपस्थित

समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक रक्षित केंद्र चंद्रप्रकाश तिवारी, श्रीमती भारती मरकाम, सुश्री आकर्षी कश्यप सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें