मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से गांव-गांव तक पहुंचेगा सुशासन, किसानों और आमजन को मिलेगा त्वरित समाधान: दक्ष वैद्य साहू
रायपुर/मुंगेली।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सोशल मीडिया प्रदेश सहप्रभारी एवं हिन्द सेना युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष दक्ष वैद्य साहू ने प्रदेश में शुरू की गई “मुख्यमंत्री हेल्पलाइन” को सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का मजबूत माध्यम बनेगी।
दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि यह हेल्पलाइन केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि ‘अंत्योदय से सर्वोदय’ तक की सोच को साकार करने वाला सशक्त माध्यम है। अब प्रदेश का किसान, युवा, महिला या बुजुर्ग—हर वर्ग बिना किसी बिचौलिए या देरी के सीधे शासन तक अपनी बात पहुंचा सकेगा।
उन्होंने बताया कि फसल बीमा, खाद-बीज, सिंचाई, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान अब एक कॉल पर दर्ज होगा और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह व्यवस्था छत्तीसगढ़ को डिजिटल सुशासन और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
दक्ष वैद्य साहू ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब वर्तमान सरकार “जनता की सरकार” के रूप में सीधे लोगों तक पहुंच रही है।
उन्होंने आगे कहा कि किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक इस हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जनजागरण अभियान चलाएंगे, ताकि अंतिम व्यक्ति तक इस योजना का लाभ पहुंच सके।
अंत में दक्ष वैद्य साहू ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक उपयोग करें और “विकसित छत्तीसगढ़ — विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सुशासन, किसान कल्याण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
