झिलियापुर में आध्यात्मिक उल्लास का महापर्व: 11 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ व संगीतमय श्री सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन
झिलियापुर में आध्यात्मिक उल्लास का महापर्व: 11 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ व संगीतमय श्री सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन

मुंगेली (छत्तीसगढ़)। ग्राम झिलियापुर में धर्म, आस्था और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों के सहयोग से 11 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्री सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन 14 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस दिव्य आयोजन में 1 कि.मी. लंबी दिव्य गुफा में 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का विशेष आकर्षण रहेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 14 जनवरी 2026 (बुधवार) को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक निर्धारित है। आयोजन स्थल ग्राम झिलियापुर, जिला मुंगेली (छ.ग.) रहेगा।
इस पावन अवसर पर कथा व्यास के रूप में अनंत विभूषित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर बाल साध्वी पूज्यनी गिरी जी (श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार) के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का रसपान कराया जाएगा। वहीं यज्ञाचार्य के रूप में जनदाचार्य जी महाराज (तीर्थराज प्रयाग) विधि-विधान से यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनमानस में धर्म, संस्कार और सद्भाव का विस्तार करना है। ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्र के धर्मप्रेमियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो।

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव महापुराण कथा, रुद्र महायज्ञ और 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि ग्राम झिलियापुर को आध्यात्मिक मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगा।

इस अवसर पर विशेष भंडारे का आयोजन भी ठाकुर खेलन सिंह और ठाकुर हिमांशु सिंह द्वारा किया जा रहा है
