मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी जनसमस्याओं का सीधा समाधान, महिलाओं और वंचितों को मिलेगा त्वरित न्याय: रत्नावली कौशल
मुंगेली/रायपुर।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने प्रदेश में शुरू की गई “मुख्यमंत्री हेल्पलाइन” को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा लिया गया यह निर्णय सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त उदाहरण है, जिससे अब आम जनता की आवाज सीधे शासन तक पहुंचेगी।
रत्नावली कौशल ने कहा कि यह हेल्पलाइन खासतौर पर महिलाओं, गरीबों, किसानों, श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। अब राशन, पेंशन, महिला सुरक्षा, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान बिना किसी बिचौलिए और कार्यालयों के चक्कर लगाए, सीधे एक कॉल के माध्यम से संभव होगा।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के संदर्भ में कहा कि यह पहल उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगी। घरेलू हिंसा, स्व-सहायता समूहों की समस्याएं या अन्य सामाजिक मुद्दों पर अब समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जो “नारी सशक्तिकरण” के संकल्प को और मजबूती देगा।
रत्नावली कौशल ने पूर्ववर्ती शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वंचित वर्ग की समस्याएं अक्सर अनसुनी रह जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाया है। अब छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण पत्र, आवास योजना और अत्याचार निवारण जैसे मामलों में भी त्वरित सुनवाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि यह हेल्पलाइन “डिजिटल छत्तीसगढ़” और “संवेदनशील शासन” का संगम है, जो यह साबित करता है कि मजबूत नेतृत्व और साफ नीयत से व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।
अंत में रत्नावली कौशल ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक इस योजना का प्रचार करेंगे, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंचे और कोई भी न्याय से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति और नागरिकों से अपील की कि इस हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग कर “सशक्त नारी — समृद्ध छत्तीसगढ़” के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
