नकली पुलिस बनकर ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई
बिलासपुर/चकरभाठा। चकरभाठा क्षेत्र में पुलिस बनकर ट्रेलर चालकों को लूटने वाले दो आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी और रौब दिखाकर हाईवे पर ट्रेलर चालकों को रोककर उनसे लूटपाट कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चकरभाठा थाना पुलिस ने सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्रवाई करते हुए विशेष योजना बनाई। पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति फिर से हाईवे पर ट्रेलर चालकों को निशाना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालकों को रोकने और उनसे पैसे वसूलने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
चकरभाठा पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर चलने वाले ट्रक और ट्रेलर चालकों में राहत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति पुलिस बनकर रोकता है या अवैध वसूली करता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।
