खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आगमन शुरू, अरुणाचल दल का भव्य स्वागत
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 22 मार्च 2026
देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है, इसी क्रम में रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा, जिसमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टाफ शामिल हैं।

खिलाड़ियों के आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में पारंपरिक राऊत नाचा की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया, इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा Sports Authority of India (SAI) के अधिकारियों नें गुलाब भेंट कर खिलाड़ियों का आत्मीय अभिनंदन किया।
आयोजकों के अनुसार 23 मार्च को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ेगी।

गौरतलब है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन पहली बार छत्तीसगढ़ के तीन शहरों क्रमश: रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया जा रहा है, इस महत्त्वपूर्ण आयोजन में देशभर से लगभग 3000 जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
25 मार्च से 03 अप्रैल तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में पुरुष एवं महिला वर्गों में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसी सात खेल विधाओं में रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
यह आयोजन न केवल जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और खेल प्रतिभा को भी देशभर में नई पहचान दिलाएगा।


