सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना पर मुंगेली में कार्यशाला आयोजित
सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना पर मुंगेली में कार्यशाला आयोजित

मुंगेली, 09 फरवरी 2026।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने हेतु iRAD एवं eDAR प्रणाली तथा कैशलेस उपचार योजना 2025 पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में रायपुर से आए एनआईसी के तकनीकी डायरेक्टर श्री अरविंद यादव एवं सारांश सिरके (एसआरएम, नवा रायपुर) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को iRAD, eDAR एवं TMS एप के माध्यम से दुर्घटना के बाद त्वरित ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं समन्वय की प्रक्रिया की जानकारी दी।
गोल्डन ऑवर में उपचार पर विशेष जोर
कार्यशाला में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दुर्घटना के बाद “गोल्डन ऑवर” में घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, जिससे मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
केन्द्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई कैशलेस उपचार योजना 2025 के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर संबंधित अस्पताल को सूचना देना अनिवार्य होगा। उपचार की राशि मोटर वाहन दुर्घटना निधि से प्रतिपूर्ति की जाएगी।
विभिन्न विभागों की रही सहभागिता
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मयंक तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी श्री असीम माथुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री शीला शाहा, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, जिले के निजी अस्पतालों के संचालक तथा पुलिस विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।
मृत्यु दर कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर जान बचाना एवं मृत्यु दर को कम करना है। पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय से यह योजना प्रभावी रूप से लागू की जाएगी।
इस कार्यशाला के माध्यम से जिले में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए बेहतर, त्वरित एवं पारदर्शी उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
