महाशिवरात्रि पर बोदरी में गोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रद्धा और सेवा का होगा संगम
बिलासपुर/बोदरी।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस बोदरी तहसील इकाई द्वारा गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर नौनिहालों के साथ स्वल्पाहार वितरण एवं सामाजिक सहभागिता की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

यह कार्यक्रम विशेष रूप से वरिष्ठ पत्रकार, अमर स्तंभ आर.जे. रमझाझर छत्तीसगढ़ एवं पंडित श्रवण दुबे समुद्रशास्त्री द्वारा अपने पिता स्व. सत्यनारायण जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि स्व. सत्यनारायण जी ने वर्ष 2022 में महाशिवरात्रि के दिन ही समाधि प्राप्त की थी।

जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस एवं विश्व महालक्ष्मी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 फरवरी को पावर हाउस चकरभाठा, बिलासपुर के समीप दुर्गा पंडाल में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान भगवान शिव एवं माता पार्वती के पावन विवाहोत्सव की भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः रुद्राभिषेक, स्वस्ति वाचन एवं विशेष पूजा-अर्चना से होगी। इसके पश्चात भोग एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें सभी समाज व वर्ग के लोग सहभागिता करेंगे। दोपहर में गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से जुड़े प्रवर्तकों एवं विश्व मानव परमार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में बौद्धिक एवं योगिक गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
सायं 4:30 बजे से भव्य भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन होगा, जो रात्रि 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान शिव-पार्वती की बारात झांकी, दीप कलश यात्रा एवं भक्ति प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा तथा मुख्य अतिथियों को आमंत्रित कर उनके विचार सुने जाएंगे। जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस का उद्देश्य अपने 11 सूत्रीय कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक चेतना, अनुशासन एवं पारिवारिक एकता को मजबूत करना है।
इस आयोजन के माध्यम से “एकता में अनेकता” का संदेश देते हुए सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का एक अनुपम उदाहरण बनेगा।
