बेलमुंडी धाम पंचमुखी हनुमान मंदिर विवाद: तोड़फोड़ व जान से मारने की धमकी का आरोप, कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन
बेलमुंडी धाम पंचमुखी हनुमान मंदिर विवाद: तोड़फोड़ व जान से मारने की धमकी का आरोप, कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलमुंडी धाम स्थित श्री पंचमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर एवं आश्रम को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। मंदिर आश्रम को तोड़ने की कथित धमकी, पत्रकार एवं महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को जान से मारने की आशंका के बाद मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठनों और पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर बिलासपुर एवं पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
सरपंच पति पर धमकी देने का आरोप
मंदिर प्रबंधन एवं स्वयं सहायता समूह का आरोप है कि ग्राम बेलमुंडी के सरपंच पति विश्राम कौशिक द्वारा मोबाइल फोन पर धमकी दी गई। आरोप है कि धमकी के दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक धरमलाल कौशिक के भाई का नाम लेते हुए “देख लेने” की बात कही।
बताया गया कि मंदिर के महंत एवं पुजारी अंकित तिवारी उर्फ बंटी महाराज तथा खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकारों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई, जिसका वीडियो क्लिप भी मौजूद है।

आपात बैठक, भंडारा व संकल्प कार्यक्रम
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलमुंडी धाम में महिला स्वयं सहायता समूह एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया तथा “अपराध मुक्त भारत” के संकल्प के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बेलमुंडी धाम के संरक्षक श्री चाणक्य चैतन्यपुरी उर्फ सर्किट पुरी बाबा के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पहले भी हुआ था सम्मान, फिर बढ़ा तनाव
संस्थाओं का कहना है कि दो दिन पूर्व ही चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू द्वारा मंदिर परिसर में सामाजिक समन्वय बैठक आयोजित की गई थी, जहां पत्रकार समुद्र शास्त्री एवं उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था।

इसके बावजूद ग्राम बेलमुंडी में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर परिसर, आश्रम तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में नुकसान पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। आरोप है कि रात के समय कछुआ, मछली एवं अन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
विधायक व थाना में भी दिया गया ज्ञापन
वरिष्ठ पत्रकार समुद्र शास्त्री एवं महिला समूह के सदस्यों ने विधायक धरमलाल कौशिक को भी ज्ञापन सौंपकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके साथ ही थाना स्तर पर भी लिखित शिकायत देकर सुरक्षा एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
11 सूत्री सामाजिक कार्यक्रम की जानकारी
बैठक के दौरान संस्थाओं द्वारा अपने 11 सूत्री कार्यक्रम की जानकारी दी गई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, गुरुकुल शिक्षा, गौशाला एवं वेदांत गुरुकुल कोचिंग सेंटर की योजनाएं शामिल हैं।

विश्व मानव परमार्थ ट्रस्ट, विश्व हिंदू सेवा दल, विश्व महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह सहित सहयोगी संस्थाओं ने समाज में सकारात्मक कार्यों के विस्तार का संकल्प लिया।
कड़ी कार्रवाई की मांग
सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि यदि एक जनप्रतिनिधि से जुड़े व्यक्ति द्वारा ही धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने और पत्रकारों को धमकाने की बातें कही जा रही हैं, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” और “वसुधैव कुटुंबकम्” के सिद्धांत पर सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।

