मुंगेली: संजीवनी 108 बनी वरदान, एएमटी भगवती के सूझबूझ से एम्बुलेंस में हुई सुरक्षित डिलीवरी, गूंजी किलकारी

मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक बार फिर ‘संजीवनी 108’ एक्सप्रेस आपातकालीन सेवा जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हुई है। समय पर मिली चिकित्सा सहायता और एम्बुलेंस स्टॉफ की बेहतरीन सूझबूझ के चलते एक गर्भवती महिला का प्रसव एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित रूप से कराया गया, जिससे जज्जा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

​अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी स्थिति

मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेली क्षेत्र की रहने वाली पूजा भास्कर (पति रवि भास्कर, उम्र 25 वर्ष) को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना आपातकालीन सेवा 108 पर दी। सूचना मिलते ही संजीवनी 108 की टीम (गाड़ी संख्या CG04 QY 8328) तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुई।

​अस्पताल के रास्ते में प्रसूता की स्थिति अधिक गंभीर हो गई, जिसे देखते हुए स्थिति की नजाकत को भांपते हुए एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी (EMT) भगवती ने बिना समय गंवाए अपनी मेडिकल ट्रेनिंग का परिचय दिया और एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराने का निर्णय लिया।

​स्वस्थ बच्ची को दिया जन्म

ईएमटी भगवती के कुशल मार्गदर्शन और त्वरित प्रयासों से प्रसूता पूजा भास्कर ने एम्बुलेंस के अंदर ही एक सुंदर और स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद जज्जा और बच्चा दोनों की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति सुनिश्चित करने के बाद उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

​परिजनों और स्थानीय लोगों ने की सराहना

एम्बुलेंस के भीतर सफल और सुरक्षित प्रसव कराने पर परिजनों ने संजीवनी 108 सेवा और विशेष तौर पर ईएमटी भगवती व उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस सराहनीय कार्य से एक बार फिर साबित हो गया है कि मुंगेली अंचल में संजीवनी 108 आपातकालीन सेवाएं आम जनता के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही हैं।

अन्य खबरें