प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से बदली बाबूलाल बुनकर की तक़दीर दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे सम्मानित डिप्टी सीएम श्री साव एवं कलेक्टर ने दी बधाई
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से बदली बाबूलाल बुनकर की तक़दीर
दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे सम्मानित
डिप्टी सीएम श्री साव एवं कलेक्टर ने दी बधाई

मुंगेली 24 जनवरी 2026 // प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना से मुंगेली नगर के दाउपारा निवासी श्री बाबूलाल बुनकर की तकदीर बदल गई है। श्री बुनकर को उनकी ईमानदारी, परिश्रम और आत्मनिर्भरता के लिए दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
श्री बुनकर पेशे से मोटर साइकिल मैकेनिक हैं और अत्यंत सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने जीवन को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया। नगर पालिका परिषद मुंगेली के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उन्होंने बिना किसी रुकावट के ऋण के लिए आवेदन किया। प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर समय पर किश्तों का भुगतान किया, जिसके बाद द्वितीय चरण में 20 हजार तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। वर्तमान में वे नियमित रूप से ऋण किश्त जमा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के साथ-साथ श्री बुनकर को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास का लाभ भी मिला, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। श्री बुनकर की इस सफलता और अनुकरणीय कार्यशैली को देखते हुए 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी के रूप में उन्हें आमंत्रित किया गया है। श्री बाबूलाल बुनकर के चयन पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री श्री अरुण साव तथा कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि दिल्ली से लौटने के बाद जिला स्तर पर भी श्री बुनकर का सम्मान किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि श्री बाबूलाल बुनकर अपनी पत्नी श्रीमती गौरी बुनकर के साथ 23 जनवरी को ट्रेन द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। श्री बाबूलाल बुनकर ने इस सम्मान के लिए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
