|

 नगर पालिका परिषद बोदरी बिलासपुर में मातृशक्ति का दिखा अनुपम प्रदर्शन: महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वच्छता दूत बहनों एवं माताओं का हुआ भाव पूर्ण नागरिक अभिनंदन।

नगर पालिका परिषद बोदरी बिलासपुर में मातृशक्ति का दिखा अनुपम प्रदर्शन: महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वच्छता दूत बहनों एवं माताओं का हुआ भाव पूर्ण नागरिक अभिनंदन

​ नगर पालिका परिषद बोदरी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर ‘स्वच्छता अभियान’ के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति के नेतृत्व की अद्भुत झलक देखने को मिली।

पालिका क्षेत्र में स्वच्छता की अलख जगाने वाली सफाई मित्र महिलाओं एवं माताओं के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जहाँ संपूर्ण प्रांगण ‘नारी शक्ति’ के गौरवमयी जयघोष और मातृशक्ति के भावपूर्ण सम्मान से गुंजायमान हो उठा।

​कार्यक्रम का सफल संचालन एवं नेतृत्व नगर पालिका परिषद बोदरी की अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा के गरिमामय आतिथ्य में संपन्न हुआ। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पालिका अध्यक्ष ने नगर निर्माण और स्वच्छता व्यवस्था में मातृशक्ति के अग्रणी योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने ‘नारी शक्ति’ का ओजस्वी आह्वान करते हुए कहा कि — “हमारी सफाई कर्मी बहनें और माताएँ केवल नगर को ही स्वच्छ नहीं रख रही हैं, बल्कि वे अपने कर्म से संपूर्ण समाज को स्वच्छता, सेवा और अनुशासन का मार्ग दिखा रही हैं। उनकी यह लगन एवं सेवा-भावना ही बोदरी नगर पालिका की वास्तविक शक्ति है।” उन्होंने सभी महिला कर्मियों को उनके अतुलनीय योगदान हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रोत्साहित किया।

​इस विशेष अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष शिमला सुनील वर्मा, एल्डरमैन ज्योति कुलदीप, महिला पार्षद भावना खत्री तथा नगर पालिका परिषद की इंजीनियर रश्मि देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में मातृशक्ति के प्रभाव, प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व को और अधिक सुदृढ़ किया।
​समारोह के दौरान मंचस्थ महिला जन प्रतिनिधियों एवं निकाय की इंजीनियर रश्मि देवांगन द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था में अहोरात्र समर्पित महिला सफाई कर्मियों को सम्मान स्वरूप साड़ियों का वितरण किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष शिमला सुनील वर्मा, एल्डरमैन ज्योति कुलदीप एवं इंजीनियर रश्मि देवांगन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को धरातल पर साकार करने में हमारी महिला स्वच्छता दूतों की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक एवं जमीनी स्तर पर महिलाओं का यह समन्वय नगर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था की सुदृढ़ता में मील का पत्थर साबित हो रहा है तथा आज का यह सम्मान नगर पालिका परिषद की ओर से मातृशक्ति के प्रति निष्ठा और कृतज्ञता का प्रतीक है।
​कार्यक्रम में उपस्थित समस्त महिला सफाई मित्रों ने इस भावुक और सम्मानजनक पहल के लिए नगर पालिका प्रशासन के प्रति गहरा आभार प्रकट किया। समारोह में पालिका के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।

 

अन्य खबरें