भीम आर्मी का जोरदार प्रदर्शन: हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा, उग्र आंदोलन की चेतावनी

भीम आर्मी का जोरदार प्रदर्शन: हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा, उग्र आंदोलन की चेतावनी


​बिलासपुर (विशेष संवाददाता)। जनहित के गंभीर मुद्दों, हत्या के मामले में पुलिस की ढिलाई और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन (बिलासपुर) ने शासन-प्रशासन के खिलाफ पूरी ताकत से आवाज बुलंद कर दी है। संगठन के जिला अध्यक्ष गगन कुमार राय के नेतृत्व में अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM), जिला कलेक्टर और पुलिस महानिरीक्षक (IG) को ज्ञापन देकर त्वरित कार्रवाई की पुरजोर मांग की गई है।
​अमित सतनामी हत्याकांड: मुलमुला थाना घेराव की चेतावनी


जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसा (थाना मुलमुला) निवासी अमित सतनामी की निर्मम हत्या को दो महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। भीम आर्मी ने आरोप लगाया है कि डॉग स्क्वॉड द्वारा आरोपी के कपड़े और घर चिह्नांकित करने के बावजूद थाना प्रभारी द्वारा टालमटोल की जा रही है और पीड़ित परिवार पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। संगठन ने चेताया है कि यदि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई, तो हजारों कार्यकर्ता मुलमुला थाने का घेराव करेंगे।


​50 गायों की मौत और बाबा साहेब के अपमान पर आक्रोश
ग्राम पंचायत ओखर स्थित श्री वासुदेव गौशाला में हुई करीब 50 गायों की दर्दनाक मौत के मामले में निष्पक्ष जांच, एफआईआर (FIR) दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके साथ ही, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा व सम्मान के साथ हुए अमर्यादित व्यवहार के मामले में CCTV फुटेज खंगालकर दोषियों को सजा दिलाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है।
​कॉलेज व राशन वितरण में धांधली की जांच की मांग


​पचपेड़ी कॉलेज मामला: नवीन शासकीय महाविद्यालय पचपेड़ी को उसके निर्धारित और उचित स्थान पर ही संचालित करने तथा विद्यार्थियों के हित में प्रशासनिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है।
​राशन घोटाला: ग्राम पंचायत धनगवा की उचित मूल्य दुकान में चावल वितरण में भारी धांधली का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
​अंतिम अल्टीमेटम
भीम आर्मी ने अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि जनहित से जुड़े इन तमाम मुद्दों पर जल्द से जल्द कड़ा संज्ञान नहीं लिया गया, तो उग्र जन-आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदेही पुलिस व प्रशासन की होगी।

अन्य खबरें