सरगांव में संदिग्ध हालात में युवती की मौत: फांसी या हत्या? पुलिस जांच तेज, सतनामी समाज में उबाल
सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 04 में रहने वाली 29 वर्षीय सत्यवती बंजारे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका अपने पति शिवम पांडे के साथ निवासरत थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती देर रात लगभग 1 बजे सत्यवती बंजारे ने अपने घर में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल सरगांव पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
वैवाहिक विवाद की चर्चा, हत्या की आशंका ने पकड़ा जोर
सूत्रों के मुताबिक, मृतका और उसके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार से अलग रहने के कारण दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी रहती थी। ऐसे में घटना के बाद क्षेत्र में आत्महत्या से ज्यादा हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सतनामी समाज में आक्रोश, न्याय की मांग तेज
मृतका के सतनामी समाज से होने के कारण इस घटना को लेकर समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। समाज के विभिन्न संगठन एकजुट होकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की संभावना भी जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें
पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। मामले की सच्चाई और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
