मध्यप्रदेश बना चैम्पियन, छत्तीसगढ़ उपविजेता, अस्मिता वेस्ट जोन सब जूनियर बालिका हॉकी लीग का शानदार समापन
महाराष्ट्र नें जीता तीसरा स्थान, अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम राजनांदगांव में हुआ भव्य पुरस्कार वितरण...
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। 24 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी लीग (सब जूनियर बालिका वर्ग) का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ, फाइनल में हॉकी मध्यप्रदेश नें शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान छत्तीसगढ़ को 05-01 से पराजित कर खिताब अपनें नाम किया, वहीं छत्तीसगढ़ टीम उपविजेता रही और हॉकी महाराष्ट्र नें तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
यह प्रतियोगिता भारत सरकार के खेल प्राधिकरण (एसएआई), हॉकी इंडिया एवं छत्तीसगढ़ हॉकी के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 24 मार्च तक आयोजित की गई, जिसमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमों नें भाग लिया।

फाइनल मैच का रोमांचक विवरण…
फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखनें को मिला।
✨️ 18वें मिनट में छत्तीसगढ़ की मनप्रीत कौर नें गोल कर टीम को 01-00 की बढ़त दिलाई।
✨️ 23वें मिनट में मध्यप्रदेश की शालिनी सिंह नें गोल कर स्कोर 01-01 से बराबर किया।
इसके बाद मध्यप्रदेश नें आक्रामक खेल दिखाते हुए 25वें मिनट में रूली बाल्मीकि, 34वें मिनट में सुदीप्त किंडो, 40वें और 41वें मिनट में नौशीन नाज़ नें लगातार गोल दागकर मैच 05-01 से अपने पक्ष में कर लिया।
पुरस्कार एवं सम्मान…
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती भारती गवाते एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों नें खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
🎖 प्रथम पुरस्कार: ₹1,80,000
🎖 द्वितीय पुरस्कार: ₹1,44,000
🎖 तृतीय एवं चतुर्थ पुरस्कार: ₹90,000

अतिथियों के विचार…
मुख्य अतिथि श्रीमती भारती गवाते नें कहा कि इस प्रकार के आयोजन से प्रदेश की बेटियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनानें का अवसर मिलता है और छुपी प्रतिभाएं सामनें आती हैं, उन्होंने विजेता एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी नें अपनें स्वागत भाषण में बताया कि इस लीग का उद्देश्य महिला हॉकी को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है।
आयोजन में रही इनकी उपस्थिति…
समापन समारोह में श्रीमती अमृता मोहन सिन्हा (पार्षद), श्रीमती रेखा पदम, फिरोज अंसारी (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ हॉकी), मृणाल चौबे (अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी), शिव नारायण धकेता, भूषण साव, नीलमचंद जैन, छोटे लाल रामटेके सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

निर्णायक एवं तकनीकी टीम…
मैच में प्रिया दुबे, अनामिका शर्मा, राजवीर कौर, कुलदीप कौर, खुशबू सिसोदिया, अमृता सेन, पिंकी नायक और ईशानी पटेल नें निर्णायक व तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभाई, जबकि वंदन रघुवंशी टेक्निकल डेलीगेट रहीं।
अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी लीग नें एक बार फिर यह साबित किया कि देश में महिला हॉकी का भविष्य उज्ज्वल है और ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए बड़े मंच का काम कर रहे हैं।

