गौवंश की मौत, राशन संकट और जनसमस्याओं पर गरजा पत्रकार समागम – समाधान व पत्रकार सुरक्षा के लिए बनी रणनीति
बोदरी/बिल्हा। जन कल्याण पुनर्वास केंद्र एवं मीडिया हाउस बोदरी द्वारा आयोजित पत्रकार समागम में क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जनआक्रोश खुलकर सामने आया। कार्यक्रम में बोदरी, चकरभाठा बस्ती और ग्राम धमनी के ग्रामीणों ने कूड़ा डंपिंग से फैल रही बीमारियों, कूड़ा खाने से हो रही गौवंश की मौत, कई महीनों से राशन नहीं मिलने तथा बिजली-पानी-पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी पर गंभीर चिंता जताई।

मुक्तिधाम में आयोजित विशेष गोष्ठी में गौमाता की असमय मौत को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ग्रामीणों ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा बस्ती के पास डंप किए जा रहे कचरे से दुर्गंध फैल रही है और गोवंश लगातार इसकी चपेट में आ रहा है। इस मुद्दे पर उपस्थित सामाजिक संगठनों व आमजन ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
मीडिया हाउस बोदरी तहसील इकाई के नेतृत्व में आरजे रमझाझर छत्तीसगढ़ के प्रमुख पुखराज सिंह ने पूरे दिन क्षेत्रीय समस्याओं का जमीनी कवरेज करते हुए सामाजिक बैठक में पक्ष-विपक्ष के प्रतिनिधियों और आम लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए मीडिया और प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय आवश्यक है।

वरिष्ठ पत्रकार अमर स्तंभ पंडित श्रवण दुबे समुद्रशास्त्री ने गौसंरक्षण, पत्रकार एकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर सामूहिक आवाज ही बदलाव का आधार बनेगी। कार्यक्रम में रामेश्वर पांडे, प्रफुल पांडे (फक्कड़ बाबा), युवा कांग्रेस बिल्हा के अध्यक्ष सुनील कुमार साहू, लक्ष्मण पाल सहित अनेक वक्ताओं ने अपनी बात रखी। जन कल्याण पुनर्वास केंद्र की ओर से ज्योति, कुलदीप, मधु और भवानी मीना ने क्षेत्र की समस्याओं का तथ्यात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया।

समागम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनसुविधाओं की मांग को लेकर चरणबद्ध पहल की जाएगी तथा पत्रकारों की सुरक्षा और नियमित बैठकों के लिए शासन-प्रशासन से संवैधानिक रूप से मांग की जाएगी।
कार्यक्रम का समापन मीडिया हाउस बोदरी, मानव परमार्थ ट्रस्ट एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा स्वल्पाहार के साथ किया गया।
पत्रकार समागम ने स्पष्ट संकेत दिया कि अब जनहित, गौसंरक्षण और पत्रकार सुरक्षा के मुद्दों पर संगठित और निर्णायक पहल होगी।
