मुंगेली पुलिस की संवेदनशील पहल : दिवंगत आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता
मुंगेली, 19 फरवरी 2026। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया के आश्रित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए मुंगेली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। भोजराम पटेल (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी नागेश्वरी डहरिया को ₹1 करोड़ का चेक प्रदान किया गया।

ज्ञात हो कि आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी। विभाग ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया था।
एसएसपी श्री पटेल ने कहा कि दिवंगत आरक्षक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी और अनुशासित कर्मचारी थे। जिला पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके आश्रितों के साथ खड़ा है तथा शीघ्र ही अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य शासकीय लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर State Bank of India की मुख्य शाखा बड़ाबाजार मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन की स्थिति में आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसी प्रावधान के तहत ₹1 करोड़ की राशि चेक के माध्यम से परिजनों को दी गई है।
दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया ने भावुक शब्दों में शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उक्त सहायता राशि दिलाने में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, सउनि अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे तथा बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उल्लेखनीय है कि इसके अतिरिक्त जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अनुग्रह राशि एवं अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य शासकीय देयकों की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे परिवार को भविष्य में स्थायी आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
