बेल्टूकरी-गनियारी में श्री रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, संतों की शोभायात्रा से गूंजा क्षेत्र
बिलासपुर। बेल्टूकरी-गनियारी स्थित सती शक्तिपीठ आश्रम में श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ दिव्य संतों की शोभायात्रा के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

वरिष्ठ पत्रकार अमर स्तंभ आर.जे. रमझाझर एवं छत्तीसगढ़ मीडिया हाउस द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं से धर्म-संस्कृति के पावन संगम में सहभागी बनकर कथा श्रवण एवं यज्ञ में भाग लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में अष्ट कौशल महंत श्री शंभू पुरी महाराज जी, उनके कृपापात्र शिष्य श्री चाणक्य चेतन पुरी (सर्किट पुरी बाबा), प्रेम गिरि सहित अनेक साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शोभायात्रा के साथ सभी संत-महात्माओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।

महायज्ञ का संचालन अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास श्री कृष्णा दुबे (नागपुर) एवं यज्ञाचार्य श्री कमल किशोर उपाध्याय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनकल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बेल मंडी ग्राम में 4 फरवरी से 14 फरवरी तक अखंड नवधा रामायण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बोदरी स्व सहायता समूह का विशेष सहयोग रहेगा।
बताया गया कि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार होने वाला यह अखंड नवधा रामायण क्षेत्र में आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देता है। हालांकि, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इसके विरोध की कोशिश की गई, जिस पर ग्राम पंचायत में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार आयोजन किया जाएगा। साथ ही, संवैधानिक रूप से ज्ञापन देकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर पंडित श्रवण दुबे समुद्र शास्त्री, वरिष्ठ पत्रकार अमर स्तंभ आर.जे. रमझाझर तथा जनकल्याण पुनर्वास केंद्र बोदरी तहसील इकाई के प्रतिनिधियों ने आमजन एवं साधु-संतों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ साधु-संत समाज, पत्रकारों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में शोभायात्रा के साथ किया गया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण में रंग गया।
