बरेला अपहरण–हत्या मामला: 7 और आरोपी गिरफ्तार, कुल 12 जेल में, जमीन विवाद बना खूनी साजिश की वजह
बरेला अपहरण–हत्या मामला: 7 और आरोपी गिरफ्तार, कुल 12 जेल में, जमीन विवाद बना खूनी साजिश की वजह

मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेला में हुए सनसनीखेज अपहरण–हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले इस मामले में 5 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह पूरा मामला 26 दिसंबर 2025 का है। ग्राम बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर से 21 वर्षीय युवक राजकुमार धुरी का दिनदहाड़े अपहरण किया गया। जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर युवक को जबरन उठाया, ठकुरीकापा नर्सरी ले जाकर बेरहमी से मारपीट की और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके घर के सामने फेंक दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में जरहागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप उर्फ छोटू साहू ने बैंक में मृतक को देखकर अपने साथियों को फोन कर बुलाया। सभी आरोपी एकजुट होकर बैंक के भीतर घुसे और राजकुमार धुरी को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए। रास्ते में और नर्सरी परिसर में डंडों, हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने और पुलिस से बचने के लिए रायपुर, दुर्ग, नागपुर तक फरारी भी काटी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। मामले में अपराध क्रमांक 194/25 के तहत बीएनएस की धारा 140(1), 103(2), 61(2)(ए), 238(1) में कार्रवाई की जा रही है।
30 दिसंबर को गिरफ्तार आरोपी
प्रदीप उर्फ छोटू साहू
विनीत साहू उर्फ चिन्टू
रवि निर्मलकर
राजा धुरी
प्रदीप ध्रुववंशी
मनीष साहू
योगेश साहू
पहले गिरफ्तार आरोपी (28 दिसंबर 2025)
संतोष कुमार साहू
पोमेश साहू
सोनू राम साहू
उत्तम साहू
समीर कोशले
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि कुछ आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। साथ ही फरार आरोपियों को मदद पहुंचाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन में जरहागांव थाना प्रभारी सहित साइबर सेल और पुलिस टीम के कई अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका को पुलिस प्रशासन ने सराहनीय बताया है।
