नल-जल योजना में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप, बिना टोटी के नल और घटिया निर्माण पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
मुंगेली। जिले के ग्राम निरजाम में संचालित नल-जल योजना को लेकर गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। ग्रामवासियों ने जनदर्शन अधिकारी को आवेदन सौंपकर योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों की जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में नल-जल योजना के अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण कराया गया है तथा जगह-जगह टेप नल लगाए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर नलों में टोटी तक नहीं लगाई गई है। वहीं कुछ जगहों पर पाइप और स्टैंड तो लगाए गए हैं, परंतु उनका उपयोग नहीं हो रहा है, जिससे योजना का उद्देश्य अधूरा नजर आ रहा है।

ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों में भी योजना के कार्यों की स्थिति स्पष्ट दिखाई देती है। कई स्थानों पर लगाए गए नल स्टैंड क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं, कहीं पाइप बिना टोटी के खुले पड़े हैं तो कहीं निर्माण कार्य अधूरा और अव्यवस्थित नजर आ रहा है। कुछ जगहों पर नल के आसपास की सीमेंट संरचना भी टूट-फूट की स्थिति में दिखाई दे रही है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत घटिया गुणवत्ता का निर्माण कराया गया है, जिससे शासन की राशि का दुरुपयोग होने की आशंका है और लोगों को योजना का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जमीनी स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन ग्राम निरजाम में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और योजना में सामने आए आरोपों की जांच कब तक होती
