बिलासपुर में सर्वहितकारी पत्रकार परिवार का 6वां स्थापना दिवस संपन्न, वरिष्ठ पत्रकार अनूप चौरसिया ‘सुरक्षा प्रहरी सम्मान’ से सम्मानित।

बिलासपुर में सर्वहितकारी पत्रकार परिवार का 6वां स्थापना दिवस संपन्न, वरिष्ठ पत्रकार अनूप चौरसिया ‘सुरक्षा प्रहरी सम्मान’ से सम्मानित
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल बिलासपुर में सर्वहितकारी पत्रकार परिवार महासंगठन भारत का 6वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित ‘सुरक्षा प्रहरी सम्मान समारोह’ का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। अनुष्ठानिक शुरुआत के पश्चात पत्रकारिता, समाजसेवा एवं लोक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, उद्योगपति प्रवीण झा एवं कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने संगठन के 6 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए इसे पत्रकार हित और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध बताया।
निडर पत्रकारिता के लिए अनूप चौरसिया सम्मानित

समारोह में पब्लिक आई न्यूज़ के वरिष्ठ संवाददाता एवं विश्व हिंदू सेवा दल छत्तीसगढ़ के शहर प्रभारी अनूप कुमार चौरसिया को उनकी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितैषी पत्रकारिता के लिए ‘सुरक्षा प्रहरी सम्मान’ प्रदान किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा उन्हें प्रतीक चिन्ह (शील्ड) एवं प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया।
“पत्रकारिता फैशन नहीं, राष्ट्रीय दायित्व है” — अनूप चौरसिया
सम्मान प्राप्ति के पश्चात अपने संबोधन में अनूप कुमार चौरसिया ने कहा कि पत्रकारिता पैसों की नहीं, बल्कि सम्मान और स्वाभिमान की यात्रा है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी जनहित की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए चाटुकारिता और दबाव से मुक्त होकर निष्पक्षता के साथ कार्य करना अनिवार्य है।
समुद्र शास्त्री पंडित श्रवण दुबे ने दी विशेष बधाई
इस गरिमामयी अवसर पर अखिल भारतीय हिंदू राष्ट्र निर्माण सेना के संरक्षक, राष्ट्रीय संस्कृति विश्व हिंदू महासभा के पदाधिकारी, संस्कृति प्रकोष्ठ (विश्व हिंदू सेवा दल) के अध्यक्ष, भोजपुरी समाज के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार समुद्र शास्त्री पंडित श्रवण दुबे ने सम्मान प्राप्तकर्ता अनूप कुमार चौरसिया को बधाई दी।
साथ ही, पंडित श्रवण दुबे ने ऐसे विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं लोक-कल्याणकारी आयोजनों में निरंतर सहभागिता कर समाज का मनोबल बढ़ाने के लिए उद्योगपति प्रवीण झा को विशेष बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में मातृशक्ति सहित बिलासपुर संभाग के सैकड़ों पत्रकार एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
