जिला अस्पताल में सफल कूल्हा प्रत्यारोपण 80 वर्षीय आरती को मिला नया जीवन

मुंगेली, 18 मार्च 2026//  जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और त्वरित उपचार से मरीजों को लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। इसी कड़ी में चिकित्सकों की सतर्कता और कुशल उपचार से कबीरधाम जिले के ग्राम प्रतातपुर की 80 वर्षीय श्रीमती आरती भास्कर का सफलतापूर्वक कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया। आरती ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व घर पर स्नान करते समय गिरने से उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद से वह लगातार बिस्तर पर थीं और चलने-फिरने में असमर्थ थीं। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय मुंगेली लाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी गई।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के.रॉय ने बताया कि 14 मार्च को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में अनुभवी टीम द्वारा सफलतापूर्वक कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी की गई। इस जटिल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार वेलदार, ओटी स्टाफ तथा अन्य सहयोगी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। इस सफल उपचार से न केवल मरीज को नया जीवन मिला, बल्कि उनके परिजनों में भी खुशी की लहर है। मरीज एवं उनके परिजनों ने जिला अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की है।

अन्य खबरें