जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल की छत पर चल रहे हुक्का संचालन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से हुक्का उपकरण, तंबाकू युक्त फ्लेवर और नगदी सहित करीब 55 हजार रुपये का सामान जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को होटल और बार में अवैध रूप से हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी चकरभाठा उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओम प्रकाश गुप्ता निवासी होटल शिवा इन बोदरी को अवैध रूप से हुक्का संचालन करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 1 कोल हिटर, 3 प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
चकरभाठा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हुक्का संचालन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों और होटलों में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
