28 फरवरी को 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंचेगी 10,324 करोड़ की आदान सहायता राशि, राज्यभर में होंगे भव्य कार्यक्रम

रायपुर, 25 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “कृषक उन्नति योजना” के अंतर्गत पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को आदान सहायता राशि वितरित करने के लिए राज्य स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस योजना के तहत 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 28 फरवरी 2026 को 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर जिले के विकासखंड मुख्यालय में दोपहर 12:30 बजे से होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी समय सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
निर्देशानुसार राज्य स्तरीय कार्यक्रम में न्यूनतम 20 हजार किसानों तथा प्रत्येक विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में कम से कम 2 हजार किसानों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर किसानों के लिए पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।


विकासखंड स्तरीय कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुछ चयनित लाभार्थी किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी करेंगे, जिसके लिए प्रत्येक जिले में एक निर्धारित स्थल पर आवश्यक तकनीकी व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही कार्यक्रम स्थल का चयन इस प्रकार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसानों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और आम जनता की दैनिक गतिविधियां तथा यातायात प्रभावित न हों।
यह आयोजन राज्य के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि उन्नति को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अन्य खबरें