थाना चाम्पा क्षेत्र में हुए 20 लाख रूपये से अधिक रकम की लूट के मामले का पुलिस ने किया पर्दाफाश सायबर टीम एवं थाना चाम्पा पुलिस को मिली सफलता
जांजगीर-चाम्पा : 20 लाख की लूट और अपहरण मामले का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चाम्पा | 16 जनवरी 2026
जांजगीर-चाम्पा जिले के थाना चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की सनसनीखेज लूट और अपहरण की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सायबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से कंपनी सुपरवाइजर का अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पीड़ित की आंखों में मिर्च पावडर डालकर उसे जबरन कार में बैठाया और मैनपाट ले जाकर गहरी खाई में धक्का दे दिया।
कैसे हुआ खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सायबर टीम को जांच में लगाया गया। सायबर टीम ने चाम्पा, बलौदा, कोरबा सहित लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
लूट की पूरी वारदात
प्रार्थी हरीश देवांगन, निवासी चाम्पा, मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। 9 जनवरी 2026 को वह सक्ती से कंपनी का कैश कलेक्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम कोसमंदा के पास आरोपियों ने उस पर हमला कर नगदी से भरा बैग लूट लिया और अपहरण कर मैनपाट ले जाकर जान से मारने की नीयत से खाई में धक्का दे दिया।
पीड़ित किसी तरह पूरी रात खाई में फंसा रहा और सुबह सड़क तक पहुंचकर घटना की सूचना दी।
गिरफ्तार आरोपी
-
योगेश रात्रे उर्फ छोटे – निवासी बिरगहनी, जांजगीर
-
जमुना सेवायक – निवासी चरणनगर, चाम्पा
-
महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाउ – निवासी चरणनगर, चाम्पा
-
अमीर मिरी उर्फ भोलू – निवासी बिरगहनी, जांजगीर
बरामद सामग्री
-
लूटी गई नगदी ₹13,75,000
-
घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार
-
चाकू, बेसबॉल स्टिक
-
5 मोबाइल फोन
पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी सायबर सेल निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित सायबर टीम और पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
