ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 205 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 205 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग | 15 जनवरी 2026

दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अफीम की अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से अफीम मंगवाकर भिलाई क्षेत्र में उसकी बिक्री करता था और स्वयं भी उसका सेवन करता था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जनवरी 2026 को दुर्ग पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक, सेक्टर-06 भिलाई नगर के पास मोटरसाइकिल में अवैध मादक पदार्थ रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलवीर सिंह (65 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई नगर बताया। आरोपी एवं उसकी मोटरसाइकिल की विधिवत तलाशी लेने पर डिग्गी से प्लास्टिक में छिपाकर रखी गई 205 ग्राम अफीम (अनुमानित कीमत ₹40,000), बिक्री की नगदी ₹500, एक मोबाइल फोन (कीमत ₹15,000) तथा अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत ₹25,000) बरामद की गई। इस तरह कुल ₹80,500 की संपत्ति जप्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में अप.क्र. 22/2026, धारा 22(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी संगठित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त था तथा मुख्य रूप से ट्रक चालकों को अफीम की आपूर्ति करता था। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी अकेले कार्य नहीं कर रहा था।

दुर्ग पुलिस द्वारा आरोपी से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायर एवं पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए सघन जांच की जा रही है। मुख्य स्रोत एवं गिरोह के अन्य सदस्यों की पतासाजी जारी है तथा शीघ्र ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए ऐसी सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अन्य खबरें