बोदरी में रचा गया इतिहास: नव-नियुक्त एल्डरमैनों का भव्य शपथ ग्रहण, ‘मातृशक्ति’ को मिला स्थान, महिलाओं ने कहा- “यह हमारे सम्मान की जीत।
बोदरी में रचा गया इतिहास: नव-नियुक्त एल्डरमैनों का भव्य शपथ ग्रहण, ‘मातृशक्ति’ को मिला पहला स्थान, महिलाओं ने कहा- “यह हमारे सम्मान की जीत!”।
• एसडीएम बिल्हा ने संवैधानिक रूप से सर्वप्रथम ज्योति कुलदीप को दिलाई शपथ, केंद्र की महिला सशक्तिकरण नीति का दिया हवाला।
• जहाँ प्रदेश भर में उठ रही माँग, वहीं बोदरी में महिलाओं की इच्छा का हुआ सम्मान, पहली वरीयता मिलने पर नगर की महिलाओं ने जताया आभार।
• विधायक आवास पर बधाई देने उमड़ा जनसैलाब; सामाजिक संस्थाओं, वरिष्ठ पत्रकारों और प्रबुद्धजनों ने किया विधायक धरमलाल कौशिक का भव्य अभिनंदन।
दानवीर भामाशाह साहू भवन में नगर पालिका परिषद बोदरी के नवनियुक्त एल्डरमैनों का आधिकारिक शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय और ऐतिहासिक माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीएम बिल्हा ने संवैधानिक रूप से सर्वप्रथम ज्योति कुलदीप को दिलाई शपथ,
समारोह में शासकीय और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए एसडीएम साहिबा बिल्हा ने केंद्र की महिलाओं सम्मान एवं सशक्तिकरण के तहत सर्वप्रमुखता के साथ
ज्योति कुलदीप को सर्वप्रथम पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अन्य नवनियुक्त एल्डरमैनों—सुनील मलघानी कट्टी, बलदेव गिरी गोस्वामी, घासी श्रीवास एवं देवेंद्र कौशिक ने शपथ ग्रहण की।
शपथ दिलाते हुए एसडीएम बिल्हा ने केंद्र सरकार की प्रथम प्राथमिकताओं में शामिल ‘महिला सशक्तिकरण योजना’ का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब सरकारी और प्रशासनिक स्तर पर पदाधिकारी मातृशक्ति के इस सम्मान का इतना सजगता से ध्यान रख रहे हैं, तो यह समाज के आम लोगों के लिए भी एक बड़ा संदेश है। यह समझने और आत्मसात करने वाली बात है कि मातृशक्ति सहिष्णु है, क्षमाशील है और आने वाले भविष्य में केंद्र सरकार के नेतृत्व में ऐसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित होने वाली हैं,
इस पूरे शपथ ग्रहण समारोह की सबसे बड़ी और गौरवपूर्ण बात यह रही कि इसमें ‘मातृशक्ति’ के सम्मान को सर्वोपरि रखा गया। आज जहाँ पूरे प्रदेश में कई नगर निकायों में एल्डरमैन के रूप में महिलाओं को नियुक्त करने की केवल माँगें ही उठ रही हैं, वहीं बोदरी नगर पालिका परिषद ने इसे हकीकत में बदलकर एक अनूठी और विशाल मिसाल कायम की है।
समारोह के दौरान नगर की उपस्थित सभी महिलाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान की बात पुरजोर तरीके से उठाई। महिलाओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि समाज और राजनीति के हर मंच पर महिलाओं को ‘पहला स्थान’ और सर्वोच्च वरीयता मिलनी चाहिए, तभी वास्तविक रूप से मातृशक्ति का सम्मान सुनिश्चित होगा। नगर की महिलाओं की इसी इच्छा और जनभावना का सम्मान करते हुए बोदरी को महिला एल्डरमैन के रूप में ज्योति कुलदीप की एक बहुत बड़ी सौगात मिली है, जिन्हें सूची, शासकीय प्रक्रिया और गरिमा में पहला स्थान दिया गया है। इसे भविष्य के लिए एक बड़े राजनैतिक बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है।
विधायक निवास पर लगा बधाइयों का ताँता: सामाजिक संस्थाओं और पत्रकारों ने जताया आभार
शपथ ग्रहण कार्यक्रम की भव्यता यहीं नहीं रुकी। इस ऐतिहासिक निर्णय और ‘उत्कृष्ट विधायक’ चुने जाने की दोहरी खुशी में बोदरी के आम जनमानस के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक के निवास स्थान पर पहुँचे।
विधायक आवास पर गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराते हुए सभी ने इस महान कार्य और गौरवशाली उपलब्धि के लिए विधायक कौशिक को पुष्पगुच्छ भेंट कर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएँ दीं। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से विश्व हिंदू महासभा (छत्तीसगढ़) के अध्यक्ष लक्ष्मण पाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं विश्व हिंदू महासभा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंडित श्रवण दुबे (समुद्रशास्त्री) सहित क्षेत्र से आए हुए तमाम सम्मानित पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने इस आयोजन में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
विकास कार्यों से विपक्ष में बौखलाहट: विधायक धरमलाल कौशिक
शपथ ग्रहण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कद्दावर नेता और विधायक धरमलाल कौशिक ने विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा:
“पिछले ढाई वर्षों में हमारी सरकार ने जनहित के कार्य करते हुए विकास को नए आयाम दिए हैं। इसी अभूतपूर्व विकास से हताश और बौखलाकर विपक्ष आलोचनात्मक और षड्यंत्ररूपी अफवाहें फैलाने में लगा है। उनके पास रचनात्मक मुद्दों का पूरी तरह अभाव है।”
कौशिक ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं के तहत कार्य कर रही है, जिसका सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती शासनकाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके समय में मंत्रियों और विधायकों की क्या कार्यशैली थी, यह जनता आज भी अच्छी तरह जानती है।
नवनियुक्त एल्डरमैनों को मिले मूलभूत समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
विधायक कौशिक ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को प्रशासनिक और जनहितैषी सीख देते हुए कहा कि वे आम जनता और विशेषकर महिलाओं की मूलभूत समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जवाबदेही तय करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप बोदरी के सर्वांगीण विकास में इन सभी मनोनीत सदस्यों की भूमिका मील का पत्थर साबित होगी।
’उत्कृष्ट विधायक’ धरमलाल कौशिक का नागरिक अभिनंदन
समारोह के दौरान एक और गौरवशाली पल तब आया जब छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (करेडा) के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने धरमलाल कौशिक को ‘उत्कृष्ट विधायक’ का सम्मान मिलने पर स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर करतल ध्वनि से उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, भारी संख्या में हर्षोल्लासित मातृशक्ति,
सम्मानित पत्रकार गण और स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारी उपस्थित थे। पूरा परिसर विधायक महोदय के साथ बीजेपी,भारत माता की जय और महिला सशक्तिकरण के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।

