तूफान के बाद टूटी व्यवस्था: पेड़ गिरने से बिजली लाइन ध्वस्त, कई दिनों से अंधेरे में चकरभाठा क्षेत्र
बिलासपुर/बिल्हा (बोदरी)।
बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले बोदरी क्षेत्र के मन 6 अनसूया माता मंदिर मार्ग पर 5 मई 2026 को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के दौरान एक विशाल पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे न केवल विद्युत लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई बल्कि एक बिजली का खंभा भी टूटकर गिर पड़ा।

घटना के बाद से पूरे चकरभाठा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं पानी की समस्या भी गहराने लगी है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक बिजली विभाग या किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके का निरीक्षण तक नहीं किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण बन चुकी है, जहां आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है और जिम्मेदार विभाग गहरी नींद में नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों की मांग:
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जल्द से जल्द गिरे हुए पेड़ को हटाकर बिजली लाइन की मरम्मत की जाए और खंभे को पुनः स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल हो सके।
प्रशासन से अपील:
इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन और बिजली विभाग को चाहिए कि वे तत्काल संज्ञान लें और मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान करें। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और क्षेत्रवासियों को इस परेशानी से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाते हैं।
