आबादी के सिर पर मौत का तार! नवागढ़ में 33 केवी लाइन को लेकर बड़ा खतरा
बेमेतरा/नवागढ़: रंजीत बंजारे की रिपोर्ट
जिले के नवागढ़ क्षेत्र में एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां संबलपुर सब स्टेशन से एक प्राइवेट लिमिटेड स्पंज आयरन प्लांट तक हाईटेंशन (लगभग 33 केवी) बिजली लाइन आबादी वाले इलाके से गुजारी जा रही है। यह मामला अब स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संबलपुर और रमपुरा के बीच बन रहे इस प्लांट के लिए सड़क किनारे महज 2 से 3 मीटर की दूरी पर लोहे के खंभे गाड़े जा रहे हैं। जिस सड़क से यह लाइन गुजर रही है, वह क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। यहां से रोजाना स्कूली बच्चे, बाजार जाने वाले लोग और भारी वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी उच्च वोल्टेज लाइन को रिहायशी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से ले जाना सीधे-सीधे लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। तेज रफ्तार से दौड़ते वाहनों और बिजली के खंभों की बेहद कम दूरी कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस पूरे काम में सुरक्षा मानकों और दूरी के नियमों की अनदेखी की जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, 33 केवी जैसी हाईटेंशन लाइनों को आबादी से दूर, खुले क्षेत्रों या खेतों के रास्ते ले जाना चाहिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि का खतरा कम हो।
इसके बावजूद, जिम्मेदार विभाग और कंपनी द्वारा भीड़भाड़ वाले इस मार्ग को चुनना कई सवाल खड़े करता है—क्या मुनाफे के आगे लोगों की जान की कोई कीमत नहीं? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस हाईटेंशन लाइन को तत्काल प्रभाव से आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित मार्ग, जैसे खेतों के रास्ते, स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, पूरे प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।
अगर समय रहते इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह लापरवाही किसी भी दिन एक बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।
