नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बजट, महिला कल्याण की नई इबारत: रत्नावली कौशल

नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बजट, महिला कल्याण की नई इबारत: रत्नावली कौशल
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने केंद्रीय बजट 2026 को नारी शक्ति के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


रत्नावली कौशल ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला सशक्तिकरण कोष के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही लाड़ली बहन योजना के विस्तार, घरेलू हिंसा की रोकथाम हेतु विशेष फंड और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप सीड फंड जैसे प्रावधान महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में 50 लाख महिलाओं को नि:शुल्क डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल पाठ्यक्रमों में 33 प्रतिशत आरक्षण तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को नई गति दी गई है। इससे बेटियों को उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रत्नावली कौशल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग, मातृ स्वास्थ्य किट का वितरण तथा 10 हजार नए महिला स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना से महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
परिवहन क्षेत्र में भी महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हवाई अड्डों पर महिला प्रतीक्षालय, रेलवे में महिला कोटा में 30 प्रतिशत की वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में महिला चालक प्रशिक्षण योजना को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए डेयरी एवं हस्तशिल्प इकाइयों को 25 हजार करोड़ रुपये का बूस्टर दिया गया है। वहीं ‘नारी विद्यालय योजना’ के माध्यम से एक करोड़ बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
रत्नावली कौशल ने बजट को “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने वाला बताया और कहा कि यह हर महिला को सशक्त बनाकर देश की प्रगति में सहभागी बनाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी महिला बहनों से अपील की कि वे केंद्र सरकार की इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करें।

अन्य खबरें